Breaking Newsभारत

गाजीपुर : दिनदहाड़े महिला से लाखों के गहने व नकदी लेकर फरार हुए ठग

दिनदहाड़े महिला से लाखों के गहने व नकदी लेकर फरार हुए ठग

सादात नगर में बातों में उलझाकर उचक्कों ने दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र अंतर्गत सादात नगर में शनिवार को दिनदहाड़े ठगी की बड़ी घटना सामने आई, जहां बातों में बहला-फुसलाकर उचक्कों ने एक महिला से छह हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बुढ़नपुर निवासी इंदा देवी, पत्नी सुरेश चन्द्र तिवारी शनिवार सुबह सादात बाजार में खरीदारी करने आई थीं। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और रास्ता पूछने लगे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला से हमदर्दी जताते हुए तेज धूप का हवाला दिया और उन्हें आगे तक छोड़ने की बात कही।

महिला द्वारा गांव का नाम बताए जाने पर दोनों युवकों ने मदद के बहाने उनके हाथ से खरीदारी का थैला अपने कब्जे में ले लिया। महिला उनके साथ कुछ दूर आगे बढ़ी। नगर पंचायत की ओर जाने वाली गली में पहुंचने पर महिला को एहसास हुआ कि उनके गांव का रास्ता पीछे छूट गया है। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो दोनों युवक वापस पीछे की ओर चलने लगे।

इसी दौरान उचक्कों ने चालाकी से महिला का दूसरा थैला भी अपने हाथ में ले लिया। उस थैले में महिला का पर्स रखा था, जिसमें छह हजार रुपये नकद, सोने की चेन, कान की बाली, लॉकेट और ब्रेसलेट जैसे कीमती आभूषण मौजूद थे। मौका मिलते ही दोनों युवक गहनों से भरा थैला लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक बाइक पर सवार चार युवक जाते दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो युवक सीधे तौर पर घटना में शामिल थे, जबकि दो अन्य उनके सहयोगी बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलने पर सैदपुर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी पन्नेलाल यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस टीम जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button