गाजीपुर : डीएम बोले— नैतिक शिक्षा, स्मार्ट क्लास और नियमित मूल्यांकन से ही निपुण बनेंगे बच्चे

निपुण संकल्प कार्यशाला में शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर
डीएम बोले— नैतिक शिक्षा, स्मार्ट क्लास और नियमित मूल्यांकन से ही निपुण बनेंगे बच्चे

गाजीपुर, 23 जुलाई । निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत गुरुवार को जलसा गार्डन, वबेड़ी में समग्र शिक्षा अभियान के तत्वावधान में निपुण संकल्प कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में गाजीपुर एवं बलिया जनपद के शिक्षा विभाग के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला विद्यालय निरीक्षक/जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रकाश सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जनपद में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में प्रत्येक माह पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन किया जाए, ताकि बच्चों की सीखने की क्षमता का सही आकलन कर समयबद्ध सुधार किया जा सके। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों, शिक्षकों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।डीएम ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्य ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्य, ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने शिक्षकों से स्मार्ट क्लास, डिजिटल कंटेंट एवं टीएलएम का प्रभावी उपयोग करते हुए बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुरूप शिक्षण कार्य करने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त करने के लिए सभी शिक्षकों एवं अधिकारियों से समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश सिंह ने किया। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर वित्त एवं लेखाधिकारी अभिषेक कुमार, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) सर्वजीत यादव, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अनुपम गुप्ता, गाजीपुर एवं बलिया के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।


