गाजीपुर : डीएम के औचक निरीक्षण में शिक्षा व्यवस्था पर सख्ती

डीएम के औचक निरीक्षण में शिक्षा व्यवस्था पर सख्ती
बिना ड्रेस स्कूल आने वाले बच्चों पर जताई चिंता, सभी विद्यालयों में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा व मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

गाजीपुर, 12 मई 2026। तहसील सदर अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय मिश्रवलिया का जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, नाम एवं पिता के नाम के बारे में जानकारी लेकर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता का परीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षा-6 में पहुंचे, जहां उन्होंने एक छात्रा से अंग्रेजी की पुस्तक पढ़वाकर उसकी शैक्षिक क्षमता का आकलन किया। कुछ बच्चे बिना ड्रेस के मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी को अभियान चलाकर सभी बच्चों को ड्रेस, बैग, जूते-मोजे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन अभिभावकों की आर्थिक स्थिति कमजोर है, उन्हें विभाग की ओर से आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए और कोई भी बच्चा बिना ड्रेस विद्यालय न आए।जिलाधिकारी ने जनपद के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में टाइम टेबल कक्षाओं के अंदर लगाने, पाठ्यक्रम के अनुसार नियमित पढ़ाई कराने, बच्चों का टेस्ट लेने तथा प्रतिदिन होमवर्क देकर अगले दिन उसकी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था, आरओ, शौचालयों की साफ-सफाई, बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने के आदेश दिए। साथ ही कार्य पूर्ण होने के बाद वीडियो उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की शिक्षा, ड्रेस, जूते-मोजे, बैग एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी तय की जाएगी।



