गाजीपुर : डीएम का बिजली वर्कशॉप पर छापा, खामियां मिलने पर कार्रवाई के निर्देश

डीएम का बिजली वर्कशॉप पर छापा, खामियां मिलने पर कार्रवाई के निर्देश
खराब ट्रांसफॉर्मरों की तत्काल मरम्मत, सैदपुर वर्कशॉप में बढ़ाए जाएंगे आठ मजदूर; 24 घंटे शिफ्ट में होगा काम

गाजीपुर, 12 अगस्त। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को रौजा स्थित विद्युत विभाग की वर्कशॉप का औचक निरीक्षण कर ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अभिलेखों और व्यवस्थाओं की गहनता से जांच करते हुए खराब ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत का कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सबसे पहले सब-ट्रांसफॉर्मर सप्लाई रजिस्टर का अवलोकन किया तथा वर्कशॉप में उपलब्ध ट्रांसफॉर्मरों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि कितने ट्रांसफॉर्मर खराब हैं और कितने सही स्थिति में हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।वर्कशॉप में कार्यरत सभी कर्मचारियों के लिए आई-कार्ड अनिवार्य करने के साथ ही बाहर स्पष्ट बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्कशॉप में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाए। निर्देशों का अनुपालन नहीं होने पर संबंधित जेई के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी। वर्कशॉप में जाने वाले मार्ग को भी शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।डीएम ने मौके पर ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग कार्य का निरीक्षण किया और जेई से मरम्मत की प्रक्रिया एवं गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए ट्रांसफॉर्मर के उपभोक्ता से भी बातचीत कर पूछा कि शिकायत के बाद उसे कितने समय में ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया। उन्होंने उपभोक्ताओं से विद्युत संबंधी समस्याओं की तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की।निरीक्षण के दौरान वर्कशॉप में कार्यरत जितेंद्र कुमार गुप्ता एवं राजन चौबे सहित दोनों जेई की कार्यप्रणाली में कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को उनकी कार्यप्रणाली की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय एवं नियमानुसार ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। खराब एवं अनुपयोगी पड़े सामान की नियमानुसार नीलामी कराने के भी निर्देश दिए।इसके बाद जिलाधिकारी ने सौना, सैदपुर स्थित विद्युत सब स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने शिकायत रजिस्टर देखकर विद्युत संबंधी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली और सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।सैदपुर स्थित ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप में मजदूरों की संख्या कम मिलने पर डीएम ने आठ अतिरिक्त मजदूर बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक संख्या में ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत कर जनपद में उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में सिंचाई का समय होने के कारण किसानों की आवश्यकता को देखते हुए ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग का कार्य 24 घंटे शिफ्ट में कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि वर्कशॉप से ट्रांसफॉर्मरों का वितरण निर्धारित नियम एवं समय-सीमा के अनुसार नियमित रूप से किया जाए। किसानों और उपभोक्ताओं को समय से ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्युत विभाग का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना है। मरम्मत, वितरण अथवा शिकायत निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने विकासखंड सैदपुर के ग्राम पंचायत अलायचक स्थित वैक्सीनेशन सेंटर का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एएनएम से छोटे बच्चों के टीकाकरण की स्थिति, कितने बच्चों का टीकाकरण हो चुका है और कितने बच्चे शेष हैं, इसकी जानकारी ली।उन्होंने ग्रामसभा में गर्भवती महिलाओं की संख्या तथा उन्हें समय से टीकाकरण, दवा एवं स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने की जानकारी भी ली। रजिस्टर में दर्ज गर्भवती महिलाओं से संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की गई, जो संतोषजनक पाई गई।इस दौरान वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंचे अभिभावकों के बच्चों से जिलाधिकारी ने आत्मीयता से बातचीत की और अपने हाथों से उन्हें चॉकलेट वितरित की। निरीक्षण के अवसर पर एसी, विद्युत विभाग के जेई एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



