गाजीपुर : गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़: कुख्यात अपराधी मुख्तार खान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा बरामद

गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़: कुख्यात अपराधी मुख्तार खान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा बरामद
नंदगंज पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी, गौतस्करी, गैंगस्टर, चोरी, आर्म्स एक्ट व दहेज हत्या समेत कई मामलों में है वांछित।
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को थाना नंदगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान कुख्यात एवं शातिर अपराधी मुख्तार खान पुत्र भोलू खान निवासी नोनहरा थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्तार खान रेवसा कट से धामूपुर धरवां मार्ग की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई संतुलित जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेजा गया। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना नंदगंज में मु0अ0सं0 210/2026, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्तार खान के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में गौतस्करी, गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, आर्म्स एक्ट, दहेज हत्या सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव एवं थाना नंदगंज पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।



