Breaking Newsभारत

गाजीपुर : किसान दिवस में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता विद्युत को नोटिस, सीडीओ ने मांगा स्पष्टीकरण

किसान दिवस में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता विद्युत को नोटिस, सीडीओ ने मांगा स्पष्टीकरण

गाजीपुर, 20 मई 2026। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों द्वारा शिकायत किए जाने पर अनुपस्थित रहे अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश सीडीओ ने दिया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उप कृषि निदेशक ने जानकारी दी कि जनपद में 87 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष मामलों में अंश निर्धारण एवं नेम मिसमैच के कारण कार्य लंबित है। इस पर सीडीओ ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराया जाए।उन्होंने बताया कि खरीफ मौसम में डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत 2200 हेक्टेयर क्षेत्र का सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड से वंचित किसानों के लिए 15 मई से 31 मई तक ग्राम पंचायतवार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। किसानों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसान क्रेडिट कार्ड बनवाएं।बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक 6106 किसानों को लगभग 4 करोड़ 13 लाख रुपये की प्रतिपूर्ति राशि प्रदान की जा चुकी है। अधिकारियों ने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ मिला है। किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अधिकाधिक सहभागिता करने की अपील भी की गई।जिला कृषि अधिकारी ने जानकारी दी कि खरीफ सीजन के लिए ढैंचा, धान बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि निवेश की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। सभी कृषि निवेश केंद्रों पर सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। किसानों को समय से बुकिंग कराने की सलाह दी गई, जिसके बाद ई-लॉटरी एवं पॉस मशीन के माध्यम से बीज वितरण किया जाएगा। इस वर्ष जनपद में 1000 कुंतल ढैंचा उपलब्ध कराया गया है।बैठक में नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। किसानों से आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदने की अपील की गई।किसान दिवस में विभिन्न किसानों ने अपनी समस्याएं भी उठाईं। कृषक कृष्णानंद राय ने ताड़ीघाट नहर की सफाई का मुद्दा उठाया। कृषक शिवकुमार राय ने फसल बीमा के बावजूद क्षतिपूर्ति न मिलने की शिकायत की। कृषक पवन यादव ने ताड़ीघाट-जमानियां क्षेत्र में खराब ट्रांसफार्मर की समस्या रखी, जबकि कृषक विद्यानाथ चौबे ने देवकली पंप नहर की शाखा मलेठी माइनर की मरम्मत एवं सफाई न होने से पानी न पहुंचने की शिकायत की।इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे अपनी शिकायतें लिखित रूप में दें, ताकि त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समाधान कराया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button