गाजीपुर : अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि, गाजीपुर में 375 अनुदेशक सम्मानित

अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि, गाजीपुर में 375 अनुदेशक सम्मानित

गाजीपुर, 17 मई 2026। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि के उपलक्ष्य में राइफल क्लब सभागार में भव्य “अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद गाजीपुर के 375 अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए सैकड़ों अनुदेशकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ‘चंचल’ तथा जखनियां विधायक बेदी राम द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन से आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा एवं सुना गया।अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षकों व अनुदेशकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक ग्रामीण एवं प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। सरकार द्वारा 1 अप्रैल 2026 से उनका मानदेय ₹9,000 से बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह किया जाना उनके सम्मान और परिश्रम का उचित मूल्यांकन है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है तथा शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने के लिए निरंतर सकारात्मक निर्णय लिए जा रहे हैं। बढ़े हुए मानदेय से अनुदेशकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे अधिक उत्साह व समर्पण के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकेंगे।कार्यक्रम के दौरान “प्रतिभा सम्मान” के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने एवं शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने वाले अनुदेशकों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रतीकात्मक चेक देकर सम्मानित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सदर की छात्राओं ने शिक्षा के महत्व पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लघु नाटिका प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार द्वारा अनुदेशकों के सुरक्षित भविष्य के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जिससे वे तनावमुक्त होकर शिक्षण कार्य कर सकेंगे और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत कार्यरत अनुदेशक विद्यालयों में खेल, कला, संगीत एवं व्यावसायिक शिक्षा जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, परियोजना निदेशक दीनदयाल, खंड शिक्षा अधिकारी मिनहाज आलम, उदय चंद्र राय, निलेन्द्र चौधरी, मनीष पाण्डेय, जिला समन्वयक प्रशिक्षण सर्वजीत यादव, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अनुपम गुप्ता सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दुर्गेश प्रताप सिंह ने किया।



