ईसानगर,लखीमपुर खीरी : खौलते कढ़ाव में गिरकर युवक की मौत, महाराष्ट्र में हुआ हादसा

खौलते कढ़ाव में गिरकर युवक की मौत, महाराष्ट्र में हुआ हादसा
महाराष्ट्र के गुड़ प्लांट पर काम करने गया था ईसानगर का दानिश
(अनुपम मिश्रा)

ईसानगर,लखीमपुर खीरी। लखीमपुर के ईसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मूड़ी गांव निवासी दानिश (40 वर्ष) की महाराष्ट्र में गुड़ प्लांट पर काम करने गया हुआ था, जहाँ पर ड्यूटी के दौरान खौलते कढ़ाव में गिरकर दानिश की मौत हो गई। महाराष्ट्र में हुई घटना की सूचना जब दानिश के परिजनों को दी गई, तो परिजनों में चीख पुकार मच गई।

ईसानगर के मूड़ी गांव निवासी चालीस वर्षीय दानिश शुक्रवार दोपहर गुड़ बनाते समय अचानक खौलते कड़ाही में गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया, साथी मजदूरों ने फौरन उसे कड़ाही से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे का पूरा घटनाक्रम प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
शनिवार को शव जब गांव आया तो परिजन आक्रोशित हो गए और दानिश के साथ गए अन्य साथी श्रमिकों पर आरोप लगाना शुरू कर दिया, ईसानगर पुलिस ने गांव पहुंच कर परिजनों को घटनाक्रम के सी सी टी वी फुटेज दिखाए, तब जाकर परिजन शांत हुए।

घटना के बावत सी ओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि सी सी टी वी फुटेज में दिख रहे घटनाक्रम के आधार पर प्रथम दृष्टया घटना दुर्घटना प्रतीत हो रही है, किसी के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं मिली है। शव गांव पहुंचने के बाद एहतियातन पुलिस गांव भेजी गई थी।



