Breaking Newsभारत

आईटीएम गीडा, गोरखपुर में ट्राई द्वारा उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

आईटीएम गीडा, गोरखपुर में ट्राई द्वारा उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई), क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम), गीडा, गोरखपुर तथा द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), गोरखपुर लोकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में “दूरसंचार एवं प्रसारण क्षेत्र में उपभोक्ता संरक्षण एवं उपभोक्ता विकल्प” विषय पर एक दिवसीय उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरसंचार सेवाओं, डिजिटल सुरक्षा, उपभोक्ता अधिकारों तथा शिकायत निवारण प्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने मोबाइल नेटवर्क सेवाओं, इंटरनेट उपयोग, प्रसारण सेवाओं, साइबर सुरक्षा, सेवा गुणवत्ता तथा उपभोक्ता हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को दूरसंचार सेवाओं में उपलब्ध विकल्पों, शिकायत निवारण तंत्र तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया।

मुख्य अतिथि एवं ट्राई, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के सलाहकार श्री संजय गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में दूरसंचार सेवाएं केवल संचार का माध्यम नहीं रह गई हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, व्यापार एवं सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी हैं। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा दूरसंचार सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों, सेवा मानकों तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे उपलब्ध सेवाओं का बेहतर लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने जागरूक उपभोक्ता को सुरक्षित एवं सशक्त डिजिटल भारत की आधारशिला बताया।

ट्राई, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के सलाहकार श्री कौशल ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रतिभागियों को दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं से संबंधित प्रावधानों, उपभोक्ता अधिकारों, सेवा विकल्पों तथा शिकायत समाधान तंत्र की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग, उपभोक्ता जागरूकता तथा पारदर्शी सेवा व्यवस्था के महत्व पर विशेष बल दिया।

मोहन मालवीय एलुमनाई एसोसिएशन की अध्यक्ष ईआर. जे. बी. रॉय ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवा इंजीनियरों एवं विद्यार्थियों में तकनीकी जागरूकता, उपभोक्ता अधिकारों की समझ तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक एवं द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), गोरखपुर लोकल सेंटर के अध्यक्ष डॉ. एन. के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दूरसंचार एवं डिजिटल तकनीकों का विस्तार समाज को नई संभावनाएं प्रदान कर रहा है, वहीं उपभोक्ताओं के लिए जागरूकता एवं डिजिटल सुरक्षा की आवश्यकता भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आईटीएम, गीडा, गोरखपुर सदैव विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं समाज को तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रहा है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीकी एवं नियामकीय व्यवस्थाओं की बेहतर समझ प्रदान करने के साथ उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में शिक्षकों, इंजीनियरों, एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विशेषज्ञों से संवाद कर दूरसंचार सेवाओं एवं उपभोक्ता अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर सीआईडीसी के वरिष्ठ निदेशक डॉ. पी. के. मिश्रा, फार्मेसी विभाग के निदेशक प्रो. पी. डी. पांडा, द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), गोरखपुर लोकल सेंटर के सचिव पवनेश कुमार, संयुक्त सचिव अमित कुमार, विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधिगण सहित संस्थान के सभी शिक्षकगण एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button