
छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के डीएम ने दिए निर्देश, नरवां घाट का किया निरीक्षण
डीएम अनुपम शुक्ला और एसपी विनय कुमार सिंह ने लिया तैयारियों का जायजा, नाव, गोताखोर, बैरिकेडिंग व चेंजिंग रूम की व्यवस्था समय से पूरी करने की हिदायत
गाजीपुर। छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तहसील सेवराई के नरवां घाट तथा रेवतीपुर ब्लॉक क्षेत्र के पोखरों और अन्य छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नरवां घाट पर पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर आवश्यक बैरिकेडिंग कराई जाए। सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सजिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गोताखोर निर्धारित ड्रेस में पूरी सतर्कता के साथ घाटों पर मुस्तैद रहें। इसके साथ ही व्रती महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराई जाए। घाटों की नियमित साफ–सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने तथा प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा और सुविधा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर पर्व से पूर्व अपनी तैयारियां पूरी कर लें। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सेवराई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस बल एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



