
सत्यदेव डिग्री कॉलेज में आयोजित हुई विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता, अमृता राय व महजबीन अंसारी संयुक्त रूप से प्रथम
नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत विषय पर युवाओं ने रखे विचार, विजेताओं को मिलेगा उत्तर प्रदेश विधानसभा में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग का अवसर
गाजीपुर, 12 नवंबर। मेरा युवा भारत, जनपद गाजीपुर एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में गुरुवार को सत्यदेव डिग्री कॉलेज में जनपद स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का विषय ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखा गया था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह रहीं। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, सत्यदेव डिग्री कॉलेज के डायरेक्टर अमित रघुवंशी, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह, दिग्विजय उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशे की बढ़ती समस्या, उसके दुष्परिणामों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। युवाओं ने भाषण के माध्यम से बताया कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। इससे मुक्ति के लिए जागरूकता, शिक्षा और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में आजतक के ब्यूरो चीफ विनय कुमार सिंह, मनोविज्ञान के पूर्व प्रवक्ता कमरुद्दीन, पूर्व एपीएस सुभाष चंद्र, सत्यदेव डिग्री कॉलेज के बीएड संस्थान की विभागाध्यक्ष डॉ. स्मिता साहा तथा श्याम कुमार शामिल रहे।मुख्य अतिथि सपना सिंह ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे की लत से दूर रहने और स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना तथा सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करना जरूरी है।प्रतियोगिता के परिणाम में अमृता राय एवं महजबीन अंसारी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शशिकांत तिवारी तृतीय स्थान पर रहे। जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रस्तावित है।उन्होंने बताया कि यह आयोजन भारत सरकार के महत्वाकांक्षी राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर यह कार्यक्रम 9 से 13 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं नीति निर्धारण की प्रक्रिया से जोड़ना तथा उनकी नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और विचारों को उचित मंच प्रदान करना है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में सत्यदेव डिग्री कॉलेज के प्रबंधन, शिक्षकों, निर्णायक मंडल एवं मेरा युवा भारत की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।



