जखनिया/गाजीपुर : एनसीसी कैडेटों ने सीखा ड्रोन उड़ाना, .22 राइफल से साधा निशाना

एनसीसी कैडेटों ने सीखा ड्रोन उड़ाना, .22 राइफल से साधा निशाना
92 यूपी बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण कैम्प में कैडेटों को दिया जा रहा सैन्य प्रशिक्षण

जखनिया/गाजीपुर। 92 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में सत्यदेव डिग्री कॉलेज, गाजीपुर में दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण कैम्प-295 (CATC-295) का आयोजन किया जा रहा है। कैंप कमांडेंट कर्नल अनुभव राज (सेना मेडल) के कुशल निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में एनसीसी कैडेटों को अनुशासन, सैन्य कौशल एवं विभिन्न उपयोगी गतिविधियों का विधिवत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।कैंप के दौरान कैडेटों ने ड्रिल का अभ्यास किया। इसके पश्चात उन्हें ड्रोन तकनीक एवं ड्रोन संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने कैडेटों को ड्रोन के विभिन्न उपयोगों, उसके संचालन तथा उड़ान संबंधी आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया। इसके साथ ही कैडेटों को ड्रोन उड़ाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। ड्रोन उड़ाने का प्रदर्शन सूबेदार भीम बहादुर, हवलदार शिंभू तथा हवलदार संजीव द्वारा किया गया। कैडेटों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण में सहभागिता की और ड्रोन तकनीक को करीब से समझा।कैंप के दौरान कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के महत्वपूर्ण अंग फायरिंग प्रशिक्षण से भी जोड़ा गया। खालिसपुर ग्राउंड स्थित रेंज पर कैडेटों को पॉइंट .22 राइफल से फायरिंग की प्रैक्टिस कराई जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को पहले ड्राई प्रैक्टिस के माध्यम से राइफल संचालन, लक्ष्य साधने और फायरिंग की मूलभूत तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्हें वास्तविक फायरिंग का अभ्यास कराया गया।फायरिंग रेंज पर डिटेल ट्रेनिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट प्रदीप कुमार, सूबेदार भानु सिंह, हवलदार दान बहादुर तथा हवलदार रविन्द्र सिंह ने कैडेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षकों की निगरानी में कैडेटों ने पूरे अनुशासन और एकाग्रता के साथ फायरिंग का अभ्यास किया।फायरिंग अभ्यास के दौरान कैडेट नंदनी कुमारी तथा कैडेट दुर्गेश मिश्रा ने क्लोज ग्रुप बनाकर बेहतर प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन की प्रशिक्षकों ने सराहना की तथा अन्य कैडेटों को भी लक्ष्य पर एकाग्रता और बेहतर निशानेबाजी के लिए प्रेरित किया।दस दिवसीय इस संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण कैम्प में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ एनसीसी की बी एवं सी सर्टिफिकेट परीक्षा के लिए भी विधिवत तैयार किया जा रहा है। कैंप में ड्रिल, फायरिंग, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा विभिन्न सैन्य गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों के व्यक्तित्व एवं कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर कैडेटों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कैंप के दौरान कैडेटों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।इस प्रकार CATC-295 दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। कैंप कमांडेंट कर्नल अनुभव राज (सेना मेडल) के कुशल निर्देशन में अधिकारी एवं प्रशिक्षक कैडेटों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।


