कानपुर में बड़ा हादसा – ट्रेनिंग विमान क्रैश, पायलट और ट्रेनी पायलट की मौत; उड़ान के 20 मिनट बाद गंगा बैराज के पास गिरा

कानपुर में बड़ा हादसा – ट्रेनिंग विमान क्रैश, पायलट और ट्रेनी पायलट की मौत; उड़ान के 20 मिनट बाद गंगा बैराज के पास गिरा

*कानपुर।* यूपी के कानपुर में गुरुवार को एक ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया। हादसे में पायलट और ट्रेनी पायलट दोनों की मौत हो गई। विमान ने गुरुवार सुबह 11:30 बजे चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी। उड़ान के महज 20 मिनट बाद 11:50 बजे 39 किमी दूर गंगा बैराज के पास नाथुपुरवा गांव में 5 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल से टकराकर खेत में जा गिरा।
धमाके के साथ गिरा, टुकड़े-टुकड़े हुआ विमान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान करीब 200-250 फीट ऊपर था। तभी अचानक हवा में डगमगाया और क्षतिग्रस्त हो गया। नीचे गिरते ही पूरा विमान टूटकर बिखर गया, पुर्जे दूर तक बिखर गए। हालांकि विमान में आग नहीं लगी।
हादसे के वीडियो सामने आए हैं जिसमें विमान मलबे में तब्दील दिख रहा है। करीब 12:15 बजे पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
दोनों पायलटों की मौत
खून से लथपथ पायलट *सचिन भाटिया (गुजरात)* और ट्रेनी *अभिषेक पुजारी (कर्नाटक)* को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण मल्टीपल इंजरी से हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट वजह सामने आएगी।
मौके पर पहुंचे कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा – _”चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से विमान ने उड़ान भरी थी। 20 मिनट बाद 39 किमी दूर नाथपुरवा गांव में क्रैश हो गया। पायलट के पास 3000 घंटे उड़ान का अनुभव था। DGCA को जानकारी दे दी गई है, अब उनकी टीम जांच-पड़ताल करेगी।”_
प्रत्यक्षदर्शी बोले – धमाके के साथ गिरा विमान
नाथुपुरवा गांव के रोहित निषाद ने बताया- “मैं खेत पर काम कर रहा था, ऊपर देखा तो एक एयरक्राफ्ट उड़ रहा था। अचानक वह नीचे की ओर गिरने लगा और धमाके की आवाज के साथ जमीन पर गिरा।”
खेत मालिक सर्वेश ने बताया- “मैं सुबह 10 बजे तक खेत में ही था, फिर घर चला गया। बाद में फोन आया कि तुम्हारे खेत में विमान गिरा है। यहां देखा तो दोनों पायलट जमीन पर गिरे पड़े थे।”
जांच के आदेश
विमान कानपुर की कंपनी गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी का था, जिसकी स्थापना 1995 में हुई थी। हादसे के बाद DGCA की तीन सदस्यीय टीम और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है।



