गाजीपुर : रक्षाबंधन पर महिलाओं को सौगात, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा

रक्षाबंधन पर महिलाओं को सौगात, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा
गाजीपुर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ, महिलाओं ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को बांधी राखी

गाजीपुर। महिलाओं को सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ बुधवार को हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से योजना का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया। योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों एवं बेटियों को परिवहन निगम की बसों में विशेष निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी प्रदान की गई। महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई, जिससे पर्व पर महिलाओं को मायके एवं अन्य स्थानों तक आवागमन में आर्थिक राहत मिल सके।इसी क्रम में गाजीपुर के रायफल क्लब सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना तथा योजना पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी देखी।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण ओम प्रकाश राजभर, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जखनियां विधायक बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर तथा जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।इस दौरान कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने उपस्थित महिलाओं को भेंटस्वरूप साड़ी एवं मिष्ठान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा महिला सम्मान, खुशहाली एवं सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार महिलाओं की शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपनी बेटियों को शिक्षित एवं सशक्त बनाने की अपील करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल महिला सशक्तीकरण और महिलाओं के हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विधायक बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा के माध्यम से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को अनवरत निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें सामाजिक, पारिवारिक एवं आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।महिलाओं ने जिलाधिकारी को बांधी राखी रक्षाबंधन के अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। महिलाओं ने जिलाधिकारी के प्रति सम्मान एवं विश्वास व्यक्त करते हुए जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। महिलाओं ने कहा कि प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली से आमजन में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, एआरएम रोडवेज सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



