गोरखपुर में गरीबों के लिए एक और सौगात, बशारतपुर कल्याण मंडपम तैयार; 29 अगस्त को सीएम योगी करेंगे लोकार्पण

गोरखपुर में गरीबों के लिए एक और सौगात, बशारतपुर कल्याण मंडपम तैयार; 29 अगस्त को सीएम योगी करेंगे लोकार्पण

*: अंत्योदय कार्ड धारकों को सिर्फ 11 हजार और आम लोगों को 21 हजार में मिलेगी बुकिंग, GDA ने 3.10 करोड़ में बनाया*
*गोरखपुर।* समाज के अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों को सस्ते में शादी-विवाह और मांगलिक कार्यक्रमों के लिए मैरिज हाउस का विकल्प देने की योगी सरकार की योजना के तहत बशारतपुर में भव्य कल्याण मंडपम बनकर तैयार हो गया है। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को दोपहर बाद करेंगे।
सीएम योगी की विधायक निधि से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा बनवाए गए इस मंडपम की बुकिंग खुद GDA ही करेगा।
*कितनी होगी बुकिंग फीस?*
GDA उपाध्यक्ष के अनुसार, अंत्योदय कार्ड धारकों के लिए यह मंडपम सिर्फ *11,000 रुपये* में बुक होगा, जबकि अन्य आम लोगों के लिए *21,000 रुपये* में उपलब्ध होगा।
*कितनी लागत और क्या है सुविधा?*
वार्ड नंबर 80, राप्तीनगर के अंतर्गत बशारतपुर कल्याण मंडपम का निर्माण *2593 वर्गमीटर भूमि पर 3.10 करोड़ रुपये* की लागत से कराया गया है। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित यह मंडपम दो तल का है।
– *भूतल पर:* 225 लोगों की क्षमता का हॉल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिलाओं-पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट।
– *प्रथम तल पर:* एक बड़ा हॉल, अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम सहित छह कमरे।
– परिसर में लॉन, फूल-पौधों से सजावट और बड़ी पार्किंग की भी व्यवस्था है।
*अब तक 6 मंडपम हो चुके हैं समर्पित*
GDA के अधिकारी लोकार्पण की तैयारी में जुटे हैं। इससे पहले महानगर में 6 कल्याण मंडपम – खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार, टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम और जंगल बेनी माधव – जनता को समर्पित किए जा चुके हैं।
GDA का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन जैसे सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधा देना है।



