गाजीपुर : रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई व पनीर के पांच नमूने लिए

रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई व पनीर के पांच नमूने लिए
मिलावट पर रोकथाम को विशेष अभियान, जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी विधिक कार्रवाई

गाजीपुर, 25 अगस्त 2026। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई और पनीर समेत कुल पांच नमूने संग्रहित किए गए।अभियान के तहत रामपुर मांझा क्षेत्र के झिंगुर पट्टी स्थित मेसर्स राधेश्याम अग्रहरि के विनिर्माण प्रतिष्ठान से बेसन लड्डू और मेवा लड्डू के एक-एक नमूने लिए गए।इसी क्रम में तिवारीपुर, मुहम्मदाबाद स्थित मेसर्स मीरा ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से सोनपापड़ी का एक नमूना संग्रहित किया गया। तिवारीपुर स्थित मेसर्स सौरभ डेयरी से पनीर का एक नमूना तथा नवाब साहब का फाटक, पोस्ताघाट स्थित मेसर्स प्राकृतिक फ्रेश डेयरी से भी पनीर का एक नमूना लिया गया।खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित सभी पांच नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों में किसी प्रकार की मिलावट या मानक के विपरीत गुणवत्ता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की ओर से पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।नमूना संग्रह की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गुलाबचन्द गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ द्वारा की गई।

