रामपुर मांझा (गाजीपुर) : रामपुर मांझा पुलिस की मुठभेड़ में शातिर गौ तस्कर घायल, दो गिरफ्तार

रामपुर मांझा पुलिस की मुठभेड़ में शातिर गौ तस्कर घायल, दो गिरफ्तार
बोलेरो से तीन गोवंश बरामद, तमंचा-कारतूस भी मिले; गिरफ्तार आरोपियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे

रामपुर मांझा (गाजीपुर)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार की रात थाना रामपुर मांझा पुलिस ने चकेरी चौराहे के पास मुठभेड़ के दौरान दो शातिर गौ तस्करों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में कमलेश बिंद के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए सीएचसी देवकली भेजा। पुलिस ने मौके से एक अन्य आरोपी सोनू यादव को भी गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान चीता मोबाइल से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन पियरी से चकेरी की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चकेरी चौराहा मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा संतुलित फायरिंग की गई, जिसमें कमलेश बिंद घायल हो गया।तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, सफेद रंग की बोलेरो तथा तीन गोवंश बरामद किए। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अभियोग दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश बिंद पुत्र पंचम बिंद, निवासी सहेड़ी, थाना नंदगंज तथा सोनू यादव पुत्र रामअवध यादव, निवासी पचरासी, थाना नंदगंज, गाजीपुर के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक सोनू यादव के खिलाफ गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में दिलदारनगर, करंडा, नंदगंज, सुहवल, बहरियाबाद और जमनिया थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कमलेश बिंद के खिलाफ भी गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में जमनिया तथा चंदौली के कंदवा थाने में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह के साथ थाना रामपुर मांझा पुलिस टीम शामिल रही।



