गाजीपुर : विन्दू होटल पर हमला मामले में कटरा गैंग संचालकों समेत 15 नामजद

विन्दू होटल पर हमला मामले में कटरा गैंग संचालकों समेत 15 नामजद
होटल में तोड़फोड़, एक लाख रुपये लूटने और फायरिंग का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने 14 दिसंबर 2023 को मेसर्स विन्दू होटल पर हुए हमले के मामले में कटरा गैंग संचालकों सहित 15 नामजद एवं अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले में हत्या के प्रयास, लूट, तोड़फोड़, धमकी और आपराधिक षड्यंत्र सहित गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।पुलिस के मुताबिक 21 अगस्त 2026 को अष्टभुजी कॉलोनी निवासी आलोक राय ने थाना कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि रामनरेश राय, रवि राय एवं संजय बिन्द द्वारा अन्य आरोपितों को साथ लेकर होटल पर हमला कराया गया। आरोप है कि मुख्य गेट तोड़कर ईंट-पत्थर एवं लोहे की रॉड से होटल में खड़ी यात्रियों की गाड़ियों, डब्ल्यूएचओ की जीप और मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई।शिकायत के अनुसार होटल के स्वागत कक्ष के शीशे, गमले और खिड़कियों के शीशे भी तोड़ दिए गए। आरोप है कि कैश काउंटर तोड़कर करीब एक लाख रुपये लूट लिए गए तथा लगभग साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान किया गया।वादी ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने असलहों से फायरिंग की और उसके बेटे स्व. विनीत कुमार राय को घेरकर सिर पर गोली चलाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए विनीत के झुक जाने से वह बाल-बाल बचा। इसके अलावा वादी के छोटे भाई अरविन्द राय एवं उत्कर्ष राय पर सीने पर गोली मारने का प्रयास करने तथा सभी को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।पुलिस ने मामले में शंकर पाण्डेय, सत्यप्रकाश उर्फ मुन्नी पाण्डेय, सुमित पाण्डेय उर्फ टुन्नी, आलोक दुबे, दिव्यांशु यादव उर्फ करिया, सोनू यादव, रहमान उर्फ गोल्डेन, शिवम दूबे, सौरभ तिवारी, विवेक राय, अरविन्द, रामनरेश राय, रवि राय एवं संजय बिन्द समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।



