Breaking Newsभारत

जखनियां/गाजीपुर : लेखपाल संघ ने एसीओ/एंटी करप्शन की ट्रैप कार्रवाई पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच व एसओपी जारी करने की मांग

लेखपाल संघ ने एसीओ/एंटी करप्शन की ट्रैप कार्रवाई पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच व एसओपी जारी करने की मांग

जखनियां/गाजीपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की शाखा तहसील जखनियां ने प्रदेश के लेखपालों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ), एंटी करप्शन एवं विजिलेंस टीम द्वारा की जा रही कथित गलत, अनुचित, फर्जी एवं दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में संघ की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।ज्ञापन में लेखपालों को राजस्व विभाग की मेहनती एवं जनता से सीधे जुड़े अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी बताते हुए कहा गया है कि लेखपाल गांव-गांव जाकर शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण सहित विभिन्न राजस्व कार्यों का दायित्व निभाते हैं। संघ का कहना है कि कई बार भूमि विवाद अथवा अन्य मामलों में संबंधित व्यक्ति या दलाल द्वारा व्यक्तिगत स्वार्थ अथवा दुर्भावना से लेखपाल को झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जाता है।संघ ने आरोप लगाया कि कई मामलों में शिकायत की वास्तविकता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, शिकायत के उद्देश्य, लेखपाल की वास्तविक भूमिका तथा उसके अधिकार क्षेत्र का पर्याप्त परीक्षण किए बिना ट्रैप कार्रवाई किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ज्ञापन में कहा गया कि ऐसी घटनाओं से प्रदेश के लेखपाल संवर्ग में आक्रोश एवं असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।ज्ञापन में 20 अगस्त 2026 को अयोध्या जनपद की तहसील सोहावल में लेखपाल श्री उत्कर्षदीप के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। संघ ने मांग की कि मामले से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, शिकायत एवं प्री-ट्रैप प्रक्रिया सहित सभी तथ्यों की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए और यदि लेखपाल को षड्यंत्रपूर्वक फंसाया गया है तो उसे न्याय दिलाया जाए।लेखपाल संघ ने अयोध्या के सोहावल प्रकरण की पुलिस विभाग से स्वतंत्र जांच एजेंसी/एसआईटी से जांच कराने, किसी भी लेखपाल के विरुद्ध ट्रैप कार्रवाई से पूर्व शिकायत की सत्यता एवं शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की अनिवार्य जांच कराने तथा फर्जी अथवा दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है।साथ ही एसीओ/विजिलेंस विभाग की ट्रैप कार्रवाई के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी Standard Operating Procedure (SOP) जारी करने की मांग की गई है, ताकि प्रत्येक कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया एवं निष्पक्षता के मानकों के अनुरूप हो।ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ भ्रष्टाचार के किसी भी रूप का समर्थन नहीं करता। यदि कोई कर्मचारी रिश्वत मांगते या लेते हुए पाया जाता है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी निर्दोष कर्मचारी को झूठी शिकायत, षड्यंत्र अथवा दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई के माध्यम से फंसाया जाना स्वीकार्य नहीं है।संघ ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button