गाजीपुर : मिशन सेफ फ्यूचर 2.0: 24 स्कूली वाहनों का चालान, चार सीज

मिशन सेफ फ्यूचर 2.0: 24 स्कूली वाहनों का चालान, चार सीज

गाजीपुर, 20 अगस्त। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत जनपद में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मानकों का पालन न करने वाले 24 स्कूली वाहनों का चालान कर कुल 3 लाख 12 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। वहीं नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले चार वाहनों को सीज कर दिया गया।परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी गाजीपुर एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धनवीर सिंह एवं यातायात निरीक्षक की पहल पर अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान स्कूली वाहनों के फिटनेस, परमिट सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों के सत्यापन तथा उत्तर प्रदेश इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनिटरिंग पोर्टल पर विद्यालयों द्वारा आवश्यक विवरण भरे जाने की भी जांच की गई।अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को निर्देशित किया कि बच्चों को स्कूल आने-जाने में एक घंटे से अधिक समय न लगे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता न करने की हिदायत दी गई।जांच के दौरान एवरग्रीन एवं सनसाइन समेत 12 विद्यालयों के वाहनों में मानकों की कमी पाई गई। मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए 24 वाहनों का चालान किया गया और 3.12 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।कार्रवाई के दौरान एवरग्रीन विद्यालय के तीन वाहन तथा सनसाइन विद्यालय का एक वाहन सीज किया गया। इनमें सनसाइन का सीज वाहन करीब 25 वर्ष पुराना बताया गया।परिवहन एवं यातायात विभाग ने विद्यालय संचालकों को स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन अनिवार्य है और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



