जखनियां, गाजीपुर : स्कूली बसों की जांच में बड़ी कार्रवाई, 16 वाहनों पर 3.13 लाख का जुर्माना

स्कूली बसों की जांच में बड़ी कार्रवाई, 16 वाहनों पर 3.13 लाख का जुर्माना
25 वर्ष पुरानी बस सीज, फिटनेस व जरूरी कागजातों में मिलीं गंभीर कमियां; एआरटीओ-टीआई गाजीपुर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही से मचा हड़कंप

जखनियां, गाजीपुर। तहसील जखनियां क्षेत्र के जखनियां बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस रोड पर दी सनशाइन पब्लिक स्कूल में गुरुवार को गाजीपुर से पहुंची आरटीओ टीम और टीआई गाजीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने विद्यालय में संचालित स्कूली वाहनों की सघन जांच की। अचानक हुई इस कार्यवाही से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। टीम ने एक-एक कर स्कूली बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहनता से जांच की।
एआरटीओ अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान अधिकांश वाहन निर्धारित स्कूली वाहन मानकों पर खरे नहीं उतरे। वाहनों के कागजात और फिटनेस में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर ही कार्यवाही शुरू कर दी। संयुक्त जांच के दौरान करीब 25 वर्ष पुरानी एक बस को सीज कर दिया गया, जबकि 16 वाहनों पर कुल लगभग 3 लाख 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मानकों की अनदेखी पर सख्त हुआ विभाग
एआरटीओ की कार्यवाही से विद्यालय परिसर के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी काफी देर तक अफरा-तफरी और चर्चाओं का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में स्कूली वाहनों की जांच और कार्यवाही को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा करते नजर आए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान एआरटीओ अधिकारियों ने बताया कि जांच में ज्यादातर स्कूली वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विद्यालय प्रबंधन को एक सप्ताह के भीतर सभी वाहनों के जरूरी कागजात, फिटनेस एवं अन्य कमियां दुरुस्त कराकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि वाहनों की फिटनेस एवं कार्यवाही से संबंधित जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
अधिकारियों ने कहा कि स्कूली वाहनों में बच्चों का आवागमन होता है, इसलिए उनके फिटनेस प्रमाणपत्र और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच बेहद जरूरी है। पुराने एवं अनफिट वाहनों के संचालन से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में अभियान के तहत विद्यालयों में संचालित वाहनों की जांच आगे भी जारी रहेगी।
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
संयुक्त कार्यवाही के दौरान एआरटीओ धनवीर, पीटीओ लव कुमार सिंह, आरआई राज भूषण सिंह, टीआई बालेंद्र यादव सहित कोतवाली भुड़कुंडा के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पाण्डेय एवं पुलिस टीम मौजूद रही। टीम ने विद्यालय परिसर में संचालित वाहनों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आरटीओ और पुलिस की इस संयुक्त कार्यवाही से साफ संदेश गया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में विभाग अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।



