जखनियां/गाजीपुर : मंदरा धाम धार्मिक पर्यटन विकास के लिए निकली जन जागरण कांवड़ यात्रा

मंदरा धाम धार्मिक पर्यटन विकास के लिए निकली जन जागरण कांवड़ यात्रा
ददरी घाट से गंगाजल लेकर बाबा पंचेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक, सरकार और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई विकास की मांग

जखनियां/गाजीपुर। मंदरा धाम पर्यटन विकास समिति एवं सुंदरकांड समिति मंदरा धाम के तत्वावधान में रविवार, 16 अगस्त 2026 को क्षेत्र के विकास, जन सरोकार और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जन जागरण कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं समिति के सदस्यों ने ददरी घाट से गंगाजल लेकर मंदरा धाम स्थित बाबा पंचेश्वर महादेव के गर्भगृह में पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक किया तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रण एवं संकल्प लिया।समिति द्वारा इस जन जागरण कांवड़ यात्रा के माध्यम से मुख्य रूप से जन सरोकार के तहत वृक्षारोपण, सद्बुद्धि के लिए नशा त्याग तथा सर्व सिद्धि के रूप में मंदरा धाम को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया। यात्रा का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को सामाजिक एवं धार्मिक सरोकारों से जोड़ने के साथ ही मंदरा धाम के विकास की आवाज को शासन स्तर तक मजबूती से पहुंचाना रहा।समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मंदरा धाम को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए अपना आवेदन माय गवर्नमेंट यूपी, उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग तथा क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों तक विशेष आग्रह के साथ पहुंचाया जाएगा। समिति का प्रयास है कि जनप्रतिनिधियों एवं शासन के सहयोग से मंदरा धाम के विकास को गति मिले और क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने की दिशा में ठोस कार्य हो।यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का निर्माण भी समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से कांवड़ यात्रा को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे जनजागरण एवं सामाजिक परिवर्तन का अभियान बनाया गया।इस अवसर पर मदंरा धाम मंदिर संस्थापक परिवार के सदस्य रविशंकर जायसवाल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अलीपुर मदंरा सर्वानंद सिंह झुन्ना,अशोक सिंह, हरिकेश सिंह, प्यारे लाल, रुपेश सिंह राणा, सोनू सिंह सहित समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मंदरा धाम के विकास, पर्यावरण संरक्षण, नशा त्याग और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


