जखनिया (गाजीपुर) : जखनिया में गूंजा भारत माता और वंदे मातरम् का जयघोष, निकली भव्य तिरंगा यात्रा

जखनिया में गूंजा भारत माता और वंदे मातरम् का जयघोष, निकली भव्य तिरंगा यात्रा

जखनिया (गाजीपुर)। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को जखनिया बाजार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सुबह करीब 10 बजे जखनिया बाजार स्थित शिव मंदिर से हुआ। दोपहिया वाहनों पर सवार भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों के बीच भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ आगे बढ़े। तिरंगा यात्रा जखनिया बाजार से होते हुए ग्राम सभा ऐंमा बंसी स्थित महावीर चक्र विजेता शहीद रामउग्र पांडेय के स्मारक तक पहुंची, जहां शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
देश की आन-बान-शान है तिरंगा : पारसनाथ राय
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। शहीद रामउग्र पांडेय जैसे वीर सपूतों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। हमें अपने वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण करते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहना चाहिए।
युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाना उद्देश्य : राजेश राजभर
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं मार्गदर्शन भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर ने किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। देश का तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीद रामउग्र पांडेय की प्रतिमा पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करना हम सभी के लिए गौरव का क्षण है।राजेश राजभर ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीरों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के समापन स्थल पर सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद रामउग्र पांडेय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर भारद्वाज, भाजपा व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता दयाशंकर सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता सर्वानंद सिंह उर्फ झुन्ना सिंह, ग्राम प्रधान एवं वरिष्ठ भाजपा नेता उमाशंकर यादव, अशोक गुप्ता, अवधेश यति, संदीप जायसवाल, नलनीश प्रताप सिंह, युवा भाजपा नेता पंकज सिन्हा, ग्राम प्रधान चंदन सिंह, शहीद रामउग्र पांडेय की पुत्री सुनीता पांडेय, राम पलट पांडेय, भाजपा नेता विजय सहाय, अनिल कुमार, इंद्रजीत सिंह उर्फ अंटू सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, नेता एवं हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



