गोरखपुर : कालेसर से नौसढ़ तक मुख्य मार्ग के सौन्दर्यीकरण की समीक्षा

कालेसर से नौसढ़ तक मुख्य मार्ग के सौन्दर्यीकरण की समीक्षा
मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने विभिन्न विभागों को दिए आवश्यक निर्देश
गोरखपुर। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा द्वारा लखनऊ/अयोध्या से गोरखपुर महानगर में प्रवेश के मुख्य मार्ग कालेसर से जीरो प्वाइंट होते हुए नौसढ़ चौराहे तक प्रस्तावित सौन्दर्यीकरण कार्यों की समीक्षा गीडा, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ की गई।
समीक्षा के दौरान सर्वप्रथम कालेसर जीरो प्वाइंट स्थित गोल चक्कर के सौन्दर्यीकरण की कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही नौसढ़ से कालेसर तक सिंचाई विभाग के बंधे के सौन्दर्यीकरण कार्य को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पूर्व में इस कार्य को नगर निगम द्वारा कराया गया था, लेकिन अब आगे का सौन्दर्यीकरण कार्य गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) द्वारा कराए जाने का निर्णय लिया गया, जिस पर सिंचाई विभाग ने सहमति जताई।
बैठक में यह भी तय किया गया कि गीडा क्षेत्र स्थित तेनुआ टोल प्लाजा के आसपास झाड़ियों एवं गंदगी की साफ-सफाई का कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा कराया जाएगा, जिससे मार्ग की स्वच्छता एवं सौंदर्य बेहतर हो सके।
इसके अतिरिक्त गोरखपुर से खजनी और पिपरौली जाने वाले मार्ग में गीडा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले हिस्से के सुदृढ़ीकरण, मरम्मत एवं चौड़ीकरण का कार्य गीडा द्वारा कराए जाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि संबंधित मार्ग को तत्काल गीडा को हैंडओवर किया जाए।
बैठक में गीडा क्षेत्र के उद्यमियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर मण्डलायुक्त ने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।


