गाजीपुर : पीएम सूर्य घर योजना में लोन स्वीकृति में देरी पर डीएम सख्त, तीन दिन में लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश

पीएम सूर्य घर योजना में लोन स्वीकृति में देरी पर डीएम सख्त, तीन दिन में लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश
गाजीपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोलर रूफटॉप स्थापना की प्रगति, बैंक ऋण स्वीकृति, विद्युत निरीक्षण तथा मीटर स्थापना सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में परियोजना अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप घरों पर सोलर रूफटॉप लगाने का कार्य लगातार कराया जा रहा है। समीक्षा के दौरान बैंक शाखाओं में बड़ी संख्या में लंबित ऋण पत्रावलियों की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।उन्होंने जिला अग्रणी प्रबंधक एवं सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि एक माह से अधिक समय से लंबित ऋण आवेदनों का निस्तारण तीन दिनों के भीतर तथा एक माह के अंदर लंबित मामलों का निस्तारण सात दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना उचित कारण किसी भी पात्र आवेदन को निरस्त न किया जाए।
डीएम ने कहा कि यदि किसी बैंक शाखा द्वारा ऋण स्वीकृति में अनावश्यक विलंब या हीलाहवाली की जाती है तो संबंधित शाखा प्रबंधक को चिन्हित कर उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए बैंक मुख्यालय को पत्र भेजा जाएगा।बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि सोलर रूफटॉप से संबंधित निरीक्षण कार्य तीन दिनों के भीतर पोर्टल पर पूर्ण करें तथा मीटर स्थापना और कॉन्फिगरेशन का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। इसके अलावा विद्युत बिल संशोधन से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विद्युत वितरण खंडों में मेगा कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने योजना से जुड़े सभी अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिया कि तहसील भवन, नगर पालिका कार्यालय, शिक्षा विभाग के कार्यालयों तथा विद्युत वितरण खंड एवं उपखंड कार्यालयों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए प्रेरित करें।बैठक में यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी सच्चिदानंद तिवारी, जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव कुमार, जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीयकृत बैंकों के जिला समन्वयक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


