जखनियां, गाजीपुर : जखनियां के साबिर अली आईटीआई में मारुति सुजुकी कैंपस प्लेसमेंट, 105 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

जखनियां के साबिर अली आईटीआई में मारुति सुजुकी कैंपस प्लेसमेंट, 105 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

जखनियां, गाजीपुर। युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में साबिर अली आईटीआई, जखनियां में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (गुजरात प्लांट) के लिए कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। प्लेसमेंट प्रक्रिया में कुल 135 प्रशिक्षुओं ने लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में भाग लिया, जिसमें 105 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ। चयनित अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा संस्थान परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
कैंपस प्लेसमेंट का संचालन एचआर सुनील कुमार एवं कैरियर ट्री एचआर सॉल्यूशंस प्रा. लि. की टीम द्वारा किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के गुजरात प्लांट में रोजगार का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर साबिर अली आईटीआई के प्रिंसिपल अमरनाथ यादव ने कहा कि “105 अभ्यर्थियों का चयन हमारे संस्थान के लिए गर्व की बात है। यह विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा का परिणाम है। हमारा उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। चयनित सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देता हूँ तथा जिनका चयन नहीं हो सका, वे निराश न होकर और अधिक मेहनत करें।”
वहीं संस्थान के डायरेक्टर आमिर अली ने कहा कि “हमारा संकल्प युवाओं को कौशलयुक्त बनाकर उन्हें बेहतर रोजगार उपलब्ध कराना है। 135 में से 105 अभ्यर्थियों का चयन संस्थान की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है। भविष्य में भी ऐसे कैंपस प्लेसमेंट आयोजित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।”
अंत में संस्थान प्रबंधन ने चयनित सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



