गाजीपुर : गोआश्रय स्थलों में हरे चारे की कमी से गोवंश की मौत हुई तो सचिव और प्रधान पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम

गोआश्रय स्थलों में हरे चारे की कमी से गोवंश की मौत हुई तो सचिव और प्रधान पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम
गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश, 15 दिन में एसएफसी पूलिंग पूरी करने का आदे

गाजीपुर, 14 जुलाई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में राइफल क्लब सभागार में गोआश्रय स्थलों के संबंध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने सभी गोआश्रय स्थलों पर हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि हरे चारे की कमी के कारण किसी गोवंश की मृत्यु होती है तो संबंधित सचिव एवं ग्राम प्रधान के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में एसएफसी पूलिंग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं सभी खंड विकास अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पूलिंग की धनराशि जनपद स्तर पर खोले गए खाते में जमा कराने के निर्देश दिए।डीएम ने अभियान चलाकर खेतों और सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों को निकटतम गोआश्रय स्थलों में संरक्षित कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक विकास खंड में एक कैटल कैचर तथा प्रत्येक गोआश्रय स्थल पर एक काऊ लिफ्टर मशीन खरीदने के आदेश भी दिए।बैठक में अस्थायी गोआश्रय स्थल जौहरगंज (सैदपुर) में सीसीटीवी कैमरे न लगाए जाने और बैठक में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी, सैदपुर का वेतन रोकने तथा उनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।वर्षा ऋतु को देखते हुए गोआश्रय स्थलों में जल निकासी, मिट्टी भराई और खड़ंजा निर्माण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने गोआश्रय स्थलों के संचालन में लापरवाही बरतने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, उपायुक्त मनरेगा विजय यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए महेन्द्र प्रताप यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही, नोडल अधिकारी गोशाला डॉ. राकेश कुमार गौतम, सभी खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी तथा जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



