विवादित पोस्टर फाड़े जाने से सियासत गरमाई, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष अविनाश तिवारी का विरोध

विवादित पोस्टर फाड़े जाने से सियासत गरमाई, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष अविनाश तिवारी का विरोध
गोरखपुर। शहर में मंगलवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से जुड़े कथित विवादित पोस्टरों को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष अविनाश तिवारी ने समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे पोस्टरों को फाड़कर विरोध दर्ज कराया।
सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीते कुछ दिनों से शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें पार्टी नेतृत्व के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां और तस्वीरें प्रदर्शित की गई थीं। उनका कहना है कि इन पोस्टरों का उद्देश्य पार्टी की छवि धूमिल करना और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को आहत करना था।
पोस्टर हटाने के दौरान कुछ देर के लिए मौके पर राजनीतिक गहमागहमी का माहौल बना रहा। हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई।
अविनाश तिवारी बोले, नेताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष अविनाश तिवारी ने कहा कि सत्ता पक्ष विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव देश के सम्मानित नेता रहे हैं और उनके साथ-साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ किसी भी प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी या विवादित पोस्टर स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है तो युवा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे।
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल इस मामले में प्रशासन या दूसरे पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पोस्टर किसके द्वारा लगाए गए थे, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर शहर में राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
बाइट : अविनाश तिवारी, जिलाध्यक्ष, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, समाजवादी पार्टी।



