गाजीपुर : गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के निर्देश

गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के निर्देश
जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक में सीडीओ आलोक प्रसाद ने पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता पर दिया जोर

गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में गंगा नदी की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों को गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए निर्धारित कार्ययोजना का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि गंगा नदी में किसी भी प्रकार का अनुपचारित सीवेज, ठोस अपशिष्ट अथवा अन्य प्रदूषक पदार्थ प्रवाहित नहीं होने चाहिए। उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को नियमित साफ-सफाई, वैज्ञानिक ढंग से कूड़ा निस्तारण तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि गंगा की स्वच्छता बनाए रखी जा सके।बैठक में वृक्षारोपण अभियान, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी विभागों को विद्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा नगरीय क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता अभियान से जोड़कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों से विभागवार कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में जिला विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), जिला गंगा समिति के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



