Breaking Newsभारत

गाजीपुर : 16 से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा ‘भूजल सप्ताह’, जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर

16 से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा ‘भूजल सप्ताह’, जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर

सीडीओ आलोक प्रसाद ने विभागों को दिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश, अधिकारियों को दिलाई भूजल संरक्षण की शपथ

गाजीपुर। जनपद में भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं जल संसाधनों के सतत प्रबंधन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भूजल स्तर में लगातार आ रही गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि जनपद में 16 जुलाई से 22 जुलाई, 2026 तक “भूजल सप्ताह” का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जाएगा।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि भूजल संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूजल सप्ताह के दौरान व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों एवं सरकारी कार्यालयों में जल संरक्षण विषयक गोष्ठियां, रैलियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाए।बैठक में वर्षा जल संचयन संरचनाओं की वर्तमान स्थिति, सरकारी भवनों पर रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना तथा जल संरक्षण से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों और पंचायत भवनों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पहले से स्थापित संरचनाओं का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव कराया जाए।उन्होंने कहा कि भूजल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तालाबों के पुनर्जीवन, अमृत सरोवरों के संरक्षण, पौधारोपण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। साथ ही कृषि विभाग एवं संबंधित विभागों को किसानों के बीच सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों तथा जल बचत तकनीकों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए।बैठक में बताया गया कि भूजल सप्ताह के दौरान जनपदभर में विभिन्न विभागों के सहयोग से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से जल संरक्षण का संदेश प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों से निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक जनसहभागिता प्राप्त करने की अपेक्षा की गई, ताकि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भूजल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।बैठक के समापन पर भूजल सप्ताह के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भूजल संरक्षण एवं जल बचाने की शपथ भी दिलाई।बैठक में जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button