गाजीपुर : चार वर्षीय मासूम का शव मिलने से सनसनी, अपहरण मामले में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया

चार वर्षीय मासूम का शव मिलने से सनसनी, अपहरण मामले में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया
गाजीपुर। थाना भांवरकोल क्षेत्र के ग्राम गोड़ी खास में चार वर्षीय गुमशुदा बालक का शव घर के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, 06 जुलाई 2026 को ग्राम गोड़ी खास निवासी जामवंत कुशवाहा की सूचना पर उनके चार वर्षीय पुत्र के लापता होने के संबंध में थाना भांवरकोल में बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से पुलिस की टीम बालक की तलाश में लगातार जुटी हुई थी।इसी क्रम में गुरुवार, 09 जुलाई 2026 को गुमशुदा बालक के पिता ने घर के पास ही बच्चे का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है तथा सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के अनावरण के लिए टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही पूरे मामले का सफल खुलासा किया जाएगा।



