जखनियां (गाजीपुर) : गलत आख्या लगाकर शिकायत निस्तारित करने का आरोप, मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग

गलत आख्या लगाकर शिकायत निस्तारित करने का आरोप, मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग
रिटायर्ड शिक्षक ने रोते हुए कहा ब्रिटिश शासन में भी ऐसी व्यवस्था देखने को नहीं मिली

जखनियां (गाजीपुर)। तहसील जखनियां क्षेत्र के ग्राम सभा जलालाबाद देवरी-बारी से जुड़े भूमि विवाद के मामले में शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि उसकी शिकायत संख्या 40019526019117 में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर भ्रामक एवं असंगत आख्या प्रस्तुत कर शिकायत का निस्तारण दर्शा दिया गया। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने गाटा संख्या 338 (चक आउट) की कथित अवैध पैमाइश, रकबा परिवर्तन की आशंका तथा पूर्व में स्थित नाले को बंद किए जाने से उत्पन्न जल-जमाव और फसल क्षति के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। यह शिकायत 30 जून 2026 तक लंबित रही, लेकिन 1 जुलाई 2026 को अचानक निस्तारित दिखा दी गई।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि जांचकर्ता लेखपाल द्वारा प्रस्तुत आख्या में मूल शिकायत से जुड़े तथ्यों के स्थान पर दूसरी गाटा संख्या, अन्य काश्तकारों के नाम तथा अलग प्रकृति के विवाद का उल्लेख कर दिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी शिकायत गाटा संख्या 338 से संबंधित थी, जबकि आख्या में गाटा संख्या 1523 मि. अंकित कर दी गई, जो पूरी तरह असंगत है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जांच आख्या में उनका मोबाइल नंबर और पता भी गलत दर्ज किया गया है। साथ ही यह उल्लेख किया गया कि उन्हें जांच के लिए फोन पर सूचना दी गई थी, जबकि उनके अनुसार उनसे किसी प्रकार का संपर्क नहीं किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मूल शिकायत में चकबंदी के समय का रकबा, वर्तमान अंतिम रकबा, चकबंदी का अंतिम नक्शा (सीएच-41/सीएच-45), पैमाइश का विधिक आधार तथा बंद किए गए नाले के संबंध में अभिलेखों सहित स्पष्ट जांच की मांग की गई थी, लेकिन इन बिंदुओं पर कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया गया।
इस संबंध में पक्ष जानने के लिए संबंधित लेखपाल से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार घंटी जाने के बावजूद फोन रिसीव नहीं किया गया। वहीं, उप जिलाधिकारी जखनियां से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह मुख्यालय से बाहर हैं, लेकिन मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच कराकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



