भाजपा में पद और नौकरी दिलाने के नाम पर 94.60 लाख की ठगी, रुपये मांगे तो जान से मारने की दी धमकी- केस दर्ज

भाजपा में पद और नौकरी दिलाने के नाम पर 94.60 लाख की ठगी, रुपये मांगे तो जान से मारने की दी धमकी- केस दर्ज
आरोप है कि राकेश यादव ने सिद्धार्थनगर निवासी अमित शुक्ल, श्वेता शुक्ला तथा गोरखपुर निवासी मधु द्विवेदी के माध्यम से आउटसोर्सिंग के जरिये सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इस नाम पर 25 लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली की गई। विश्वास दिलाने के लिए तीन अभ्यर्थियों को फर्जी नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध करा दिए गए।
भाजपा में पद दिलाने, विद्यालय के लिए सरकारी फंड स्वीकृत कराने और आउटसोर्सिंग के माध्यम से नौकरी दिलाने का झांसा देकर 94.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पिपराइच थाना पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान की तहरीर पर संतकबीरनगर के एक आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ जालसाजी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर में जंगल छत्रधारी के शाहपुर टोला निवासी पूर्व ग्राम प्रधान एवं सामाजिक कार्यकर्ता उर्मिला त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि संतकबीरनगर जिले के हैंसर बाजार क्षेत्र के तुर्कवलिया नायक निवासी राकेश यादव ने भाजपा में पद दिलाने का भरोसा देकर उनसे 65 लाख रुपये ले लिए।
इसके बाद विद्यालय के लिए सरकारी फंड स्वीकृत कराने का आश्वासन देकर 4.60 लाख रुपये और वसूल लिए। आरोप है कि राकेश यादव ने सिद्धार्थनगर निवासी अमित शुक्ल, श्वेता शुक्ला तथा गोरखपुर निवासी मधु द्विवेदी के माध्यम से आउटसोर्सिंग के जरिये सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
इस नाम पर 25 लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली की गई। विश्वास दिलाने के लिए तीन अभ्यर्थियों को फर्जी नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध करा दिए गए। पूर्व ग्राम प्रधान का आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद न तो किसी को नौकरी मिली और न ही विद्यालय के लिए कोई सरकारी फंड स्वीकृत हुआ।
रुपये वापस मांगने और नियुक्ति के संबंध में जानकारी लेने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।एसपी नाॅर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



