सिद्धार्थनगर : डॉक्टर्स डे पर शहर के नामचीन चिकित्सकों का हुआ सम्मान, सभी चिकित्सा पद्धतियों के डॉक्टर एक मंच पर आए/

डॉक्टर्स डे पर शहर के नामचीन चिकित्सकों का हुआ सम्मान, सभी चिकित्सा पद्धतियों के डॉक्टर एक मंच पर आए/

सिद्धार्थनगर। 1 जुलाई, राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर गोरखपुर के सनी चौराहे स्थित श्री कृष्ण आयुर्वैदिक चिकित्सालय में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सालय के वैद्य डॉ. सौरभ गुप्ता ने की।
इस अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नामचीन चिकित्सकों को एक मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों के माल्यार्पण और स्वागत-अभिनंदन से हुई। इसके बाद डॉक्टरों को स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनके चिकित्सा क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में शहर के प्रख्यात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रेश उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा डॉ. आशीष अग्रहरी, डॉ. रमीश खान, डॉ सौरभ पटेल, डॉ अविनाश, डॉ सौरभ श्रीवास्तव, डॉ श्वेत चंद्र पांडेय समेत जिले के अनेक वरिष्ठ चिकित्सक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अपने संबोधन में डॉ. चंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि डॉक्टर्स डे हर चिकित्सक के लिए गर्व और सम्मान का दिन होता है। कहने को चिकित्सक को धरती का भगवान कहा जाता है लेकिन अपने अनुभव का साझा करते हुए उन्होंने बताया कि हमें हर परिस्थिति में शालीनता का परिचय देना चाहिए। डॉक्टर और मरीज के बीच एक पारदर्शिता रहनी चाहिए, जिससे मरीज जो बात अपने घर में न करता हो वो एक चिकित्सक से पूरे विश्वास के साथ कहने में गुरेज न करें। डॉ. सौरभ गुप्ता ने इस आयोजन के माध्यम से सभी डॉक्टरों का सम्मान बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया है।
वहीं कार्यक्रम के आयोजक डॉ. सौरभ गुप्ता ने कहा कि समाज को स्वस्थ रखने में हर चिकित्सा पद्धति का अपना महत्वपूर्ण योगदान है और डॉक्टरों का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है।
इस समारोह की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इसमें आयुर्वेद, एलोपैथी और होम्योपैथी—तीनों चिकित्सा पद्धतियों के डॉक्टर एक ही मंच पर उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे का सम्मान करते हुए मरीजों की बेहतर सेवा और स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह आयोजन चिकित्सा जगत में आपसी समन्वय, सम्मान और एकजुटता का संदेश देने वाला साबित हुआ।



