सादात (गाजीपुर) : सादात में एनआरएलएम कार्यशाला, सीडीओ ने योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ पर दिया जोर

सादात में एनआरएलएम कार्यशाला, सीडीओ ने योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ पर दिया जोर
गोद भराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरित की गई वेटिंग मशीनें

सादात (गाजीपुर)। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को सादात विकासखंड में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।सीडीओ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि समूहों से जुड़े सभी पात्र सदस्यों का शत-प्रतिशत योजनाओं से आच्छादन सुनिश्चित किया जाए।कार्यशाला में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वरोजगार एवं आजीविका से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों और मिशन से जुड़े कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास एवं वित्तीय सहायता से जोड़ते हुए उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने गए। वहीं आंगनबाड़ी विभाग की ओर से चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं चार नवजात बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वेटिंग मशीन भी वितरित की गई।इस अवसर पर संतोष कुमार यादव (ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि), डॉ. सरजीत सिंह (खंड विकास अधिकारी), सोनम सिंह (सीडीपीओ), हेमवंत कुमार (बीईओ), डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. अनिल राय, प्रमेश यादव, डॉ. पंकज सिंह सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



