ईसानगर खीरी. : मासूम को निवाला बनाने वाला तेंदुआ 21 दिन बाद पिंजरे में कैद

मासूम को निवाला बनाने वाला तेंदुआ 21 दिन बाद पिंजरे में कैद
क्षेत्र में अन्य तेंदुओं की चहलकदमी से लोगों में दहशत
(अनुपम मिश्रा)
ईसानगर खीरी। धौरहरा वन रेंज के रायपुर निवासी नंदराम के 8 वर्षीय इकलौते बेटे शुभम यादव को अपना निवाला बनाने वाला तेंदुआ 21 दिन बाद वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में रविवार की सुबह तीन बजे के करीब कैद हो गया। तेंदुआ के कैद होने की जानकारी होने के बाद देखने वालों का तांता लग गया, जिसके बाद सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुए का चिकित्सकीय परीक्षण करने के लिए अपने साथ वन रेंज धौरहरा ले गई है।
रविवार की सुबह दहशत का पर्याय बना तेंदुए के वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजड़े में कैद होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि ग्रामीणों द्वारा बताया जा रहा है कि अभी भी क्षेत्र में और कई तेंदुए मौजूद हैं जिनकी चहलकदमी से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। शनिवार की शाम ईसानगर ब्लॉक मुख्यालय के उत्तर स्थित खेतोँ में ग्रामीणों द्वारा तेंदुआ देखा गया था, जिससे लोग भयभीत हैं और खेतोँ की ओर जाने से डर रहे हैं। क्षेत्र में अन्य तेंदुओं के मौजूद होने की जानकारी पर वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने को कहा है।



