गाजीपुर : नीट यूजी प्रवेश परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

नीट यूजी प्रवेश परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
एम.ए.एच. इंटर कॉलेज एवं डी.ए.वी. इंटर कॉलेज का लिया जायजा, सुरक्षा एवं पारदर्शिता के दिए निर्देश

गाजीपुर, 21 जून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। रविवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने परीक्षा की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने एम.ए.एच. इंटर कॉलेज, गाजीपुर एवं डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, चीतनाथ, गाजीपुर पहुंचकर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, कक्ष व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सघन तलाशी अभियान चलाते हुए प्रत्येक व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखते हुए संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नीट-यूजी परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।



