Breaking Newsभारत

गाजीपुर : रायफल क्लब परिसर में चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का समापन, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने उमड़ी भीड़

रायफल क्लब परिसर में चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का समापन, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने उमड़ी भीड़

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों ने प्रस्तुत कीं उपलब्धियां और विकास यात्रा

गाजीपुर, 21 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक संचालित समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, गाजीपुर द्वारा रायफल क्लब परिसर में आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रदर्शनी के अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सरकार की लाभपरक योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।प्रदर्शनी में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विगत 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास की यात्रा से अवगत कराना तथा पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ना रहा।प्रदर्शनी में युवा, महिला, किसान, गरीब एवं वंचित वर्ग के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में विकसित हो रही बृहद आधारभूत संरचना, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा, तकनीकी विकास तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाले कार्यक्रमों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।प्रदर्शनी में सूचना विभाग, गाजीपुर द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

विकास प्रदर्शनी एवं मेले का समापन जिला विकास अधिकारी राजन राय द्वारा विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करने के उपरांत किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।प्रदर्शनी में जिला उद्योग एवं ग्रामोद्योग विभाग, उद्योग विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण विभाग, मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, डाक विभाग, पुलिस विभाग, आपदा विभाग तथा पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया गया।

चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी ने जनभागीदारी, जनजागरूकता और सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा एक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के संकल्प को साकार करने का प्रभावी माध्यम बनी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button