Breaking Newsभारत

गाजीपुर : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गाजीपुर में भव्य आयोजन, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गाजीपुर में भव्य आयोजन, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन की संपूर्ण जीवन पद्धति है : ओमप्रकाश राजभर

गाजीपुर, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद गाजीपुर में मुख्य समारोह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में उत्साह, अनुशासन एवं जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में नगरवासी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर रहे। विशिष्ट अतिथियों में जखनियां विधायक वेदी राम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर कोलकाता में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग कार्यक्रम एवं झांसी में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के योग कार्यक्रम का एलईडी के माध्यम से सजीव प्रसारण दिखाया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के संदेशों को सुनते हुए योग के महत्व को समझा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज पूरे देश में ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश को एकता के सूत्र में बांधा, उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग दिवस के माध्यम से पूरे देश को एकजुट करने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है, मानसिक तनाव कम होता है, सकारात्मक सोच विकसित होती है तथा आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। आज विश्व के करोड़ों लोग भारतीय ऋषि परंपरा की इस अमूल्य धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।मंत्री ने इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Healthy Ageing) का उल्लेख करते हुए कहा कि बढ़ती उम्र में स्वयं को स्वस्थ बनाए रखना आज की सबसे बड़ी चुनौती है। इसी उद्देश्य से वृद्धजनों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।जखनियां विधायक वेदी राम ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति एवं ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि “योग करें, निरोग रहें” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सुखी जीवन का मूल मंत्र है।विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि योग की परंपरा भारत में लगभग पांच हजार वर्षों से अधिक पुरानी है। योग केवल शरीर को स्वस्थ नहीं रखता, बल्कि मन को भी संतुलित एवं सकारात्मक बनाता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।योग प्रोटोकॉल के अनुरूप योग प्रशिक्षिका कुमारी विजेता पाण्डेय एवं मुकेश यादव द्वारा 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चन्द्र प्रजापति ने किया, जबकि अंत में जिला विकास अधिकारी राजन राय ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सातों तहसीलों, 16 विकास खंडों एवं सभी ग्राम पंचायतों में भी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम भव्यता के साथ आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त मेरा युवा भारत (MY Bharat) एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में युवा मंडलों के स्वयंसेवकों द्वारा भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।स्वस्थ, नशामुक्त और संस्कारित समाज के निर्माण के संकल्प के साथ जनपद गाजीपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button