जखनियां (गाजीपुर) : भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ आयु के लिए प्रतिदिन योग करने का आह्वान

भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ आयु के लिए प्रतिदिन योग करने का आह्वान

जखनियां (गाजीपुर)।उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार रविवार को श्री महंथ रामाश्रय दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भुड़कुड़ा, गाजीपुर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार जायसवाल ने की।अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. जायसवाल ने वर्तमान समय में योग की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में श्री सुभाष इंटर कॉलेज, ताड़ी बड़ागांव, बलिया के पूर्व प्रधानाचार्य एवं एससीसी के पूर्व मेजर श्री विजय बहादुर सिंह ने योग प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षुओं को योग के इतिहास, महत्व एवं विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने योग विज्ञान, योग आध्यात्मिकता, योग जैव-यांत्रिकी तथा योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” पर प्रकाश डालते हुए शरीर को शीर्ष से पाद तक तनावमुक्त रखने के विभिन्न उपायों एवं योगाभ्यास का प्रशिक्षण भी दिया।योग प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खड़े होकर, बैठकर, पीठ के बल लेटकर तथा पेट के बल लेटकर किए जाने वाले विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया।यह कार्यक्रम वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी प्रो. संजय कुमार तथा अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं एनसीसी कार्यक्रम अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. प्रदीप कुमार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रोवर्स-रेंजर्स प्रभारी डॉ. राजेश कुमार केसरी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह एवं डॉ. शेषनाथ यादव ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।योगाभ्यास के समापन के बाद प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार जायसवाल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और उपस्थित प्रशिक्षुओं से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जो शरीर और मन की एकता, प्रकृति के साथ सामंजस्य तथा समग्र स्वास्थ्य का संदेश देता है। योग न केवल व्यक्ति को स्वस्थ बनाता है, बल्कि बदलती जीवनशैली और वैश्विक चुनौतियों से निपटने की शक्ति भी प्रदान करता है।कार्यक्रम में प्रो. सत्यप्रकाश, प्रो. शिवानंद पाण्डेय, प्रो. प्रकाश चंद्र पटेल, डॉ. संतोष कुमार मिश्रा, डॉ. धर्मेंद्र सरोज, डॉ. विनय कुमार, श्री अश्विनी सिंह, डॉ. सर्वानंद सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, एनसीसी के लेफ्टिनेंट नरेंद्र कुमार कन्नौजिया, पीआई स्टाफ, गैर-शिक्षण कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए योगाभ्यास किया।योग दिवस के इस आयोजन ने स्वस्थ जीवन, अनुशासित दिनचर्या और भारतीय संस्कृति की समृद्ध योग परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरणादायी संदेश दिया।



