गोरखपुर : सदर तहसील में समाधान दिवस, 193 फरियादियों ने रखी समस्याएं…..20 मामलों का मौके पर निस्तारण, जमीन विवाद, बाउंड्रीवाल व टैक्स की शिकायतें रहीं प्रमुख..

सदर तहसील में समाधान दिवस, 193 फरियादियों ने रखी समस्याएं…..20 मामलों का मौके पर निस्तारण, जमीन विवाद, बाउंड्रीवाल व टैक्स की शिकायतें रहीं प्रमुख..

गोरखपुर। सदर तहसील परिसर में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन #एसडीएम सदर दीपक गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। समाधान दिवस में कुल 193 फरियादी अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें से 20 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश के साथ भेजा गया।
समाधान दिवस में जमीन विवाद, अवैध निर्माण, पैमाइश, नगर निगम कर, सड़क चौड़ीकरण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। अधिकारियों ने सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नायब तहसीलदार अरविंद नाथ पांडेय सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी, कानूनगो और लेखपाल मौजूद रहे।
समाधान दिवस में जं. सालिकराम क्षेत्र के रामप्रसाद और रामपत ने अपनी जमीन पर हो रहे कथित अवैध निर्माण की शिकायत की। उन्होंने बताया कि संबंधित भूमि पर बिना वैध अधिकार के बैनामा कर निर्माण कराया जा रहा है, जबकि न्यायालय द्वारा पूर्व में आदेश निरस्त किया जा चुका है। इस पर एसडीएम ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, ग्राम मंगलपुर निवासी बिन्द्रेश निषाद ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल तोड़े जाने की शिकायत उठाई। उनका कहना था कि बाउंड्रीवाल टूटने से विद्यालय खुले में हो गया है, जिससे बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस कारण दो बच्चों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना भी हो चुकी है। एसडीएम ने संबंधित विभाग को तत्काल जांच कर बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जंगल अखलाख कुंवर क्षेत्र के विरजू ने अपनी जमीन की पैमाइश न होने की समस्या उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से लगातार शिकायत करने के बावजूद लेखपाल द्वारा सही पैमाइश नहीं की जा रही है। इस पर एसडीएम ने राजस्व टीम को निष्पक्ष तरीके से पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा महुई सुघरपुर निवासी गोविंद प्रकाश त्रिपाठी ने नगर निगम द्वारा गलत तरीके से गृहकर और जलकर का बिल जारी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी संपत्ति छोटी होने के बावजूद अधिक कर लगाया जा रहा है। इस मामले में भी जांच के आदेश दिए गए।
एसडीएम दीपक गुप्ता ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए समय सीमा के भीतर निस्तारित करें और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

