सादात : मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार को बहरियाबाद थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई

सादात। मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार को बहरियाबाद थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में क्षेत्र के ताजियेदारों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने दोटूक शब्दों में कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी हाल में कोई नई परंपरा स्थापित नहीं की जाएगी। उन्होंने ताजियेदारों से अपील की कि वे मुहर्रम के जुलूस को निर्धारित रूट और तय समय के अनुसार ही निकालें। थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी शरारती तत्व क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने या अराजकता फैलाने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें। थानाध्यक्ष ने बहरियाबाद कस्बा, दरगाह, मलिकन गांव, पलिवार और देईपुर आदि गांवों में रखे जाने वाले ताजियों के चौकों और जुलूस के रास्तों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही 10 मुहर्रम (यौम-ए-आशूरा) के दिन उत्तर व दक्षिण मुहल्ला से निकलने वाले मुख्य जुलूस के रूट पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से जुलूस के रास्तों पर साफ-सफाई और बिजली के लटकते तारों जैसी समस्याओं को समय रहते दुरुस्त कराने को कहा।इस मौके पर मुख्य रूप से ताजियादार मुन्तजिर इमाम, शहंशाह, शमीमुलवरा, सलीम अंसारी, प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल खालिक अंसारी गुड्डू, हाजी फरीद, नेसार अहमद फैज, अबरार अंसारी, शारिब, एनाम अख्तर, संजू, अनवर हसन और मुशताक अहमद सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



