Breaking Newsभारत

गाजीपुर : लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

गाजीपुर, 20 मई 2026। जनपद में 21 मई 2026 को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान ब्लॉक रेवतीपुर स्थित नेहरू वीपीई इंटर कॉलेज रेवतीपुर, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज डेढ़गांवा, तहसील जमानियां क्षेत्र के ग्राम सुहवल स्थित शिवपूजन इंटर कॉलेज मलसा तथा महात्मा गांधी सती स्मारक महाविद्यालय गरूवा मकसूदपुर सहित कई परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह अथवा अनुचित गतिविधि को तत्काल रोका जा सके।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित संवेदनशील बिंदुओं का भी निरीक्षण किया।

केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए कि अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाए तथा प्रतिबंधित सामग्री किसी भी दशा में परीक्षा केंद्र के भीतर न ले जाने दी जाए।जनपद में लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 के लिए कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 8760 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 21 केंद्र व्यवस्थापक तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button