गाजीपुर : अवैध ई-फार्मेसी के विरोध में जिलेभर के दवा व्यापारियों का ऐतिहासिक बंद, विशाल रैली निकाल सौंपा ज्ञापन

अवैध ई-फार्मेसी के विरोध में जिलेभर के दवा व्यापारियों का ऐतिहासिक बंद, विशाल रैली निकाल सौंपा ज्ञापन
गाजीपुर। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को अवैध ई-फार्मेसी एवं सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जिलेभर के दवा व्यापारियों ने एकजुट होकर ऐतिहासिक बंद का आयोजन किया। इस आंदोलन को यूपीएमएसआरए (उत्तर प्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन) तथा व्यापार मंडल गाजीपुर का भी पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ। दोनों संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल हुए और केमिस्टों के साथ रैली मार्च में भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद की।जिलेभर में बंद रहा दवा कारोबार,आंदोलन के समर्थन में गाजीपुर शहर सहित नंदगंज, सैदपुर, कासिमाबाद, मोहम्मदाबाद, दुल्लहपुर, जखनिया, हंसराजपुर, बाराचवर, जमानियां, शादियाबाद, कठवामोड़, जंगीपुर, भदौरा, दिलदारनगर, मरदह समेत जिले के तमाम ग्रामीण एवं इंटीरियर क्षेत्रों की छोटी-बड़ी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। बंद का असर पूरे जिले में स्पष्ट रूप से देखने को मिला और दवा कारोबार लगभग पूरी तरह ठप रहा।महिला अस्पताल से कचहरी तक निकाली गई विशाल रैली,दवा व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध दर्ज कराने के साथ ही एक विशाल रैली मार्च भी निकाला। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारियों की यह रैली महिला अस्पताल, लालदरवाजा से प्रारंभ होकर कचहरी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंची। रैली के दौरान व्यापारियों ने सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया।“ई-फार्मेसी से दवा व्यवसाय और जनता दोनों खतरे में”केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नागमणि मिश्र ने कहा कि जिले की सभी दवा दुकानों का बंद रहना इस बात का प्रमाण है कि दवा व्यापारियों में सरकार की नीतियों के खिलाफ भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध ई-फार्मेसी पारंपरिक दवा व्यवसायियों के रोजगार को प्रभावित कर रही है तथा बिना उचित चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री कर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लागू किए गए नियम GSR 817E एवं GSR 220E दवा व्यापार के लिए घातक साबित होंगे, जिन्हें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।जिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन,रैली के समापन के बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने व्यापार मंडल एवं यूपीएमएसआरए के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से अवैध ई-फार्मेसी पर तत्काल रोक लगाने, ऑनलाइन दवा बिक्री बंद करने, GSR 817E एवं GSR 220E नियमों को वापस लेने अथवा संशोधित करने तथा बिना कड़े मानकों के ऑनलाइन दवाओं की होम डिलीवरी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।आंदोलन तेज करने की चेतावनी,इस दौरान एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। विशाल बंद एवं रैली में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, व्यापार मंडल, यूपीएमएसआरए के प्रतिनिधि तथा जिलेभर के बड़ी संख्या में दवा व्यापारी मौजूद रहे।



