गोरखपुर में दबंग आर्थक सिंह गैंग पर गैंगस्टर, छात्र नेता की मां से मारपीट और घर पर की थी फायरिंग

गोरखपुर में दबंग आर्थक सिंह गैंग पर गैंगस्टर, छात्र नेता की मां से मारपीट और घर पर की थी फायरिंग
कोतवाली थाना पुलिस ने सपा नेता के घर पर चढ़कर फायरिंग और उसकी मां से मारपीट करने के मामले में शातिर बदमाश आर्थक सिंह समेत गैंग के चार सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपितों की अवैध संपत्तियों की भी जांच करेगी।
पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी की रात आर्यनगर इलाके में गैंग लीडर आर्थक सिंह अपने साथियों के साथ सपा नेता उज्ज्वल यादव के घर पहुंचा था। आरोप है कि आरोपितों ने घर पर गोलियां चलाईं और विरोध करने पर सपा नेता की मां संध्या यादव का मुंह दबाकर थप्पड़ मारे। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आर्थक सिंह समेत सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब मंगलवार को पुलिस ने बरही कोठी निवासी गैंग लीडर आर्थक सिंह, जटेपुर निवासी सैफ अली, देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के सुकई परसिया निवासी आलोक सिंह और राजघाट के जगरनाथपुर निवासी महेश चौधरी उर्फ महेश के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आर्थक सिंह के खिलाफ गोरखपुर और कुशीनगर में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। महेश चौधरी पर तीन, सैफ अली पर एक और आलोक सिंह पर तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया था कि आरोपितों ने अवैध पिस्टल से फायरिंग की थी। पूछताछ में उन्होंने बताया था कि छात्र नेता से पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी को आर्थक सिंह के जन्मदिन पर हुई पार्टी में उज्ज्वल यादव से दुश्मनी को लेकर योजना बनाई गई थी। इसके अगले दिन आरोपितों ने सपा नेता के घर पहुंचकर फायरिंग की थी।



