धौरहरा,लखीमपुर-खीरी : भीषण सड़क हादसा : ट्रक की जोरदार टक्कर से मैजिक के उड़े परखच्चे ,हादसे में 10की मौत

भीषण सड़क हादसा : ट्रक की जोरदार टक्कर से मैजिक के उड़े परखच्चे ,हादसे में 10की मौत
(अनुपम मिश्रा)
धौरहरा,लखीमपुर-खीरी। लखीमपुर खीरी के धौरहरा तहसील क्षेत्र के पीलीभीत – बस्ती हाइवे पर सोमवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें 10 लोगों की जान चली गई, घटना स्थल पर जो भी पहुंचा, हादसे को देख चीख पड़ा। ट्रक की जोरदार टक्कर से मैजिक सवार 9 लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल को अस्पताल भेज दिया , जहां पर उसकी भी मौत हो गई।
प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक मैजिक लखीमपुर से सिसैया की तरफ आ रही थी जबकि ट्रक बहराइच की ओर से लखीमपुर की तरफ जा रही थी, अदलिसपुर गांव के पास ट्रक ने मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे मैजिक में बैठे लोग बुरी तरह सीट के बीच में फंस कर कुचल गए, बताया जा रहा है कि टक्कर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोग मैजिक से उछलकर रोड पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया, जिसके बाद लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। हादसे के बाद से ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि ट्रक जिला बरेली निवासी शेर सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है, ट्रक धान की पॉलिश भरी बोरियां लदी हुई थीं, पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
सी एच सी खमरिया अधीक्षक डॉ अमित सिंह ने बताया कि हादसे के बाद दो महिलाओं और सात पुरुषों के शव यहां लाए गए हैं, एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था, लेकिन उसकी भी वहां मौत हो गई।
दर्दनाक हादसे में दो सगे भाई पवन और सोहन की मौत हो गई जो जिला बहराइच के मूर्तिहा गांव के रहने वाले थे। अदनान निवासी सिसैया, पप्पू निवासी देवदत्त पुर खैरी घाट, शहजाद निवासी ककरहा, जुलेखा निवासी धौरहरा, सीतापुर निवासी गायत्री जो मिहींपुरवा के एक विद्यालय में सरकारी अध्यापिका थी, सुबह स्कूल जाने के लिए निकली थी, बहराइच के मनगौडिहा निवासी जयवीर सिंह मुंबई में इंजीनियर थे, मुम्बई से घर वापस आ रहे थे, मिहींपुरवा निवासी राजेश गोयल जिनका अपना बड़ा व्यापार था, अपने बहनोई पवन के यहां लखीमपुर गए हुए थे जहां से सोमवार की सुबह घर वापस आ रहे थे, सोमवार की सुबह दर्दनाक हादसे में इन सभी की जान चली गई, घटना स्थल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो – रो कर बुरा हाल है। चारों तरफ चीख – पुकार मची हुई है, इतनी बड़ी दर्दनाक घटना देख मौके पर पहुंचे लोगों की आंखें भी नम हो गई। जिसने भी हादसे को देखा दर्द से कराह उठा।
लखीमपुर खीरी से अनुपम मिश्रा की रिपोर्ट



