गोरखपुर हवाई अड्डे पर प्रारंभ की गई निःशुल्क सार्वजनिक वाई-फाई सेवा

गोरखपुर हवाई अड्डे पर प्रारंभ की गई निःशुल्क सार्वजनिक वाई-फाई सेवा
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश के विभिन्न हवाई अड्डों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज गोरखपुर हवाई अड्डे पर यात्रियों के लिए निःशुल्क सार्वजनिक वाई-फाई सुविधा का वर्चुअल उद्घाटन/समर्पण किया गया।
यह उद्घाटन राजकोट हवाई अड्डे से वर्चुअल माध्यम से किया गया, जिसे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राममोहन नायडू किंजरापु के कर-कमलों द्वारा संपन्न किया गया। कार्यक्रम में अन्य गणमान्य सांसदों सहित
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव श्री समीर सिन्हा एवं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री बिपिन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
उक्त अवसर पर देशभर के विभिन्न हवाई अड्डों पर “उड़ान यात्री कैफे”, “डिजी यात्रा”, “निःशुल्क वाई-फाई सुविधा”, “अवसर आउटलेट”, “बाल क्रीड़ा क्षेत्र”, “भोजन केंद्र/आउटलेट्स” एवं अन्य अवसंरचना विकास कार्यों का वर्चुअल उद्घाटन/लोकार्पण किया गया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न हवाई अड्डों पर विकसित/प्रारंभ की गई सुविधाओं का विवरण निम्नवत है:
क्रमांक सुविधाएं हवाई अड्डों की संख्या
1 उड़ान यात्री कैफे 11
2 डिजी यात्रा 08
3 निःशुल्क वाई-फाई सुविधा 50
4 अवसर आउटलेट 11
5 बाल क्रीड़ा क्षेत्र 10
6 भोजन केंद्र 16
7 अवसंरचना कार्य 08
गोरखपुर हवाई अड्डे पर प्रारंभ की गई यह निःशुल्क सार्वजनिक वाई-फाई सेवा यात्रियों को बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे वे अपने यात्रा समय का अधिक प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।
इस अवसर पर गोरखपुर हवाई अड्डा सलाहकार समिति के अध्यक्ष एवं वर्तमान सांसद गोरखपुर श्री रविकिशन शुक्ल ने इस सुविधा के प्रारंभ होने पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर हवाई अड्डे के समग्र विकास एवं यात्री सुविधाओं के निरंतर विस्तार हेतु वे सतत प्रयासरत हैं और भविष्य में भी यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
इस पहल से गोरखपुर हवाई अड्डे पर यात्री सुविधाओं में गुणात्मक सुधार होगा तथा यह हवाई अड्डा आधुनिक, डिजिटल एवं यात्री-अनुकूल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।



