जखनियां/गाजीपुर : कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई 83 किलो 700 ग्राम गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सरगना फरार

कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई 83 किलो 700 ग्राम गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सरगना फरार
जखनियां/गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भुड़कुड़ा व एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार रात चेकिंग के दौरान 83 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गिरोह का सरगना फरार है।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह व उपनिरीक्षक रणजीत सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर एसपीबीडी इंटर कॉलेज तिराहे के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध वाहन UP 32 GY 1257 (मारुति सुजुकी एस-क्रॉस) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने मौके से प्रदीप यादव (48) निवासी आजमगढ़ व अभिषेक सिंह उर्फ गोलू (34) निवासी बलिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा से मंगवाकर गिरोह के सरगना प्रवीण सिंह के इशारे पर सप्लाई करते थे। सरगना फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना भुड़कुड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया।गिरफ्तार अभियुक्त प्रदीप यादव पर गैंगेस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, आबकारी व अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके पेशेवर अपराधी होने की पुष्टि होती है। पुलिस अब फरार सरगना की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।



