Breaking Newsभारत

जखनियां/गाज़ीपुर : रामसिंहपुर में नाइट क्रिकेट का महाकुंभ सम्पन्न, 14वें संस्करण में 72 टीमों ने भरी उड़ान

रामसिंहपुर में नाइट क्रिकेट का महाकुंभ सम्पन्न, 14वें संस्करण में 72 टीमों ने भरी उड़ान

जखनियां/गाज़ीपुर। रामसिंहपुर स्थित जय मां सिंह वाहिनी नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के 14वें संस्करण का समापन अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। पूरे क्षेत्र में खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 72 टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वांचल की शान मेघबरन सिंह स्टेडियम, करमपुर के संयोजक एवं वरिष्ठ समाजसेवी, पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह के सुपुत्र अनिकेत सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ पीयूष विक्रम यादव, डॉ. जयप्रकाश सिंह, अश्वनी सिंह, संजय सिंह, भीम सिंह, हरिकेश सिंह, सिद्धार्थ सिंह, वेद प्रकाश पाण्डेय तथा पिंकू सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि अनिकेत सिंह ने अपने संबोधन में युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि यह देश की पहचान बनाने का सशक्त जरिया है। जब हमारे युवा खेल के माध्यम से भारत का नाम रोशन करते हैं, तो वह क्षण गर्व से भर देता है।”

उन्होंने आगे कहा कि उनकी अकादमी से निकले कई खिलाड़ी आज देशभर में अपनी पहचान बना रहे हैं। “लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत से कोई भी युवा अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है। खेल हमें न केवल फिट रखता है, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता भी दिखाता है,” उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा।

टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में गाज़ीपुर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि चिरैयाकोट की टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

वहीं आयोजन समिति के प्रमुख डॉ. अमित सिंह ने आए हुए मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “पिछले 14 वर्षों से यह प्रतियोगिता लगातार आयोजित की जा रही है, जो अब क्षेत्र की पहचान बन चुकी है। ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना को जागृत करते हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।”

उन्होंने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आप सभी के सहयोग से ही यह आयोजन सफल हो पाता है, और भविष्य में इसे और भी भव्य रूप दिया जाएगा।”

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल को समाज में सकारात्मक ऊर्जा का सशक्त माध्यम बताया। आयोजन समिति के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से यह टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, समिति सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति हृदय से आभार प्रकट करते हुए भविष्य में भी ऐसे ही भव्य और प्रेरणादायक आयोजनों का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button