गाजीपुर : एनएसएस शिविर में महिला सशक्तिकरण व घरेलू हिंसा पर जागरूकता रैली, छात्रों ने गांव-गांव पहुंचाया संदेश

एनएसएस शिविर में महिला सशक्तिकरण व घरेलू हिंसा पर जागरूकता रैली, छात्रों ने गांव-गांव पहुंचाया संदेश

गाजीपुर, 23 मार्च। श्री महंथ रामाश्रय दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भुड़कुड़ा में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर के छठवें दिन महिला सशक्तिकरण एवं घरेलू हिंसा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में शिविरार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह एवं डॉ. शेषनाथ यादव के निर्देशन में किया गया। इस दौरान स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं ने भुड़कुड़ा, हुसैनपुर, रामवन सहित आसपास के गांवों का भ्रमण कर रैली निकाली और स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने लैंगिक असमानता, भेदभाव, पुरुषसत्तात्मक सोच और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों को उठाते हुए प्रभावशाली नारे लगाए— “बेटी नहीं किसी से कम, मिटा दो अपने सारे भ्रम” तथा “नारी को सशक्त बनाना है, देश को आगे बढ़ाना है” जैसे संदेशों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संविधान ने महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और धार्मिक स्वतंत्रता प्रदान की है, इसके बावजूद आज भी समाज में महिलाओं को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पुरुषसत्तात्मक मानसिकता के कारण महिलाओं का संघर्ष कई गुना बढ़ जाता है, जिससे वे अपने अधिकारों से वंचित रह जाती हैं।
छात्रों ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में व्याप्त इस सोच को बदलने के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। संगोष्ठी, सेमिनार और रैली जैसे आयोजनों के माध्यम से लोगों की सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई यह जागरूकता रैली समाज में महिला सम्मान और अधिकारों के प्रति चेतना जगाने की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।



